पौड़ी में गुलदार के आतंक पर भड़का जनाक्रोश, कांग्रेस नेत्री अरुणा कुमार धरने में शामिल

0
55

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

  1. पौड़ी(पहाड़ खबरसार)अरुणा कुमार ने जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक के खिलाफ वन विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया। वह जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर आयोजित सर्वसमाज के सांकेतिक धरने में शामिल हुईं, जहां ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
    धरने के दौरान हाल ही में डोभा गांव में गुलदार द्वारा एक महिला को घायल किए जाने की घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार के हमले बढ़ रहे हैं, लेकिन वन विभाग केवल पिंजरे लगाकर औपचारिकताएं पूरी कर रहा है।
    अरुणा कुमार ने कहा कि पिछले दो महीनों में गुलदार के हमलों में दो से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और कई ग्रामीण घायल हुए हैं। यह स्थिति बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में जंगल जाने का भय बढ़ता जा रहा है, जिससे पशुपालन और दुधारू गायों के पालन पर भी संकट खड़ा हो गया है।
    उन्होंने वन विभाग से मांग की कि बढ़ते हमलों पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाए, गश्त बढ़ाई जाए तथा प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी समाधान निकाला जाए। साथ ही ग्रामीणों में फैले भय के माहौल को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। धरने में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here