Home Blog

सांसद निधि की सूचना पर उठे सवाल, पौड़ी की जानकारी को पूरे लोकसभा क्षेत्र का बताकर वायरल करने का आरोप

0

रिपोर्ट-मुकेश बछेती

 

आरटीआई में 2024 से 2026 तक नौ प्रस्तावों का उल्लेख, तीन काम पूरे होने के बावजूद व्यय राशि शून्य दर्शाने पर उठे सवाल

पौड़ी(पहाड़ खबरसार)गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की सांसद निधि को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ ग्राफिक्स ने अब सवाल खड़े कर दिए हैं। इन ग्राफिक्स में सांसद निधि के तहत खर्च को शून्य दर्शाते हुए इसे आरटीआई से प्राप्त सूचना बताया गया है। हालांकि, उपलब्ध कराए गए कथित सूचना पत्र की पड़ताल करने पर सामने आया कि इसमें केवल पौड़ी जिले से संबंधित जानकारी दी गई है, जबकि गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र पांच जिलों के विधानसभा क्षेत्रों में फैला हुआ है। ऐसे में पौड़ी जिले की सीमित जानकारी को पूरे लोकसभा क्षेत्र की सांसद निधि की स्थिति के रूप में प्रचारित किए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि लोक सूचना अधिकारी एवं उपायुक्त (प्रशासन), ग्राम्य विकास की ओर से दी गई सूचना में वर्ष 2024, 2025 और 2026 के दौरान गढ़वाल सांसद की ओर से कुल नौ प्रस्ताव दिए जाने का उल्लेख है। इनमें सात प्रस्ताव स्वीकृत बताए गए हैं। सूचना में तीन कार्य प्रगति पर और तीन कार्य पूर्ण दर्शाए गए हैं। हालांकि, पूर्ण हो चुके कार्यों के सामने व्यय राशि शून्य अंकित होने को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह है कि यदि तीन कार्य पूर्ण हो चुके हैं तो उनके निर्माण पर खर्च हुआ धन शून्य कैसे हो सकता है।

मामले में यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि इसी सूचना में अल्मोड़ा सांसद के तीन पूर्ण कार्यों का उल्लेख करते हुए उनके व्यय का विवरण दिया गया है, लेकिन गढ़वाल सांसद से संबंधित पूर्ण कार्यों के सामने खर्च शून्य दर्शाया गया है। यही विसंगति सोशल मीडिया पर वायरल ग्राफिक्स को लेकर विवाद का कारण बन रही है।

गढ़वाल लोकसभा के अन्य जिलों की जानकारी कहां?

सबसे अहम सवाल यह है कि कथित आरटीआई सूचना केवल पौड़ी जिले के कार्यों से संबंधित है, जबकि गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में पौड़ी के अलावा टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग और नैनीताल जिले के विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में सांसद निधि से स्वीकृत और पूर्ण कराए गए कार्यों का विवरण उक्त सूचना में शामिल नहीं होने से इसे पूरे संसदीय क्षेत्र की सांसद निधि की तस्वीर मानना कितना उचित है, यह भी चर्चा का विषय बन गया है।

सूत्रों के अनुसार, टिहरी जिले में वर्ष 2024 से 2026 के बीच चंद्रबदनी मंदिर में मार्ग निर्माण के लिए सांसद निधि से 10-10 लाख रुपये की दो किस्तें दिए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में घण्टाकर्ण मंदिर में सोलर के माध्यम से पानी लिफ्टिंग और टंकी निर्माण के लिए छह लाख रुपये स्वीकृत किए गए, जिसका कार्य पूर्ण होने की बात कही जा रही है। इन कार्यों का उल्लेख वायरल हो रही कथित सूचना में नहीं है।

इसी तरह पौड़ी जिले में कोटद्वार में पासपोर्ट कार्यालय के निर्माण के लिए सांसद निधि से 12 लाख रुपये दिए जाने और अप्रैल में कार्यालय के लोकार्पण की जानकारी भी सामने आई है। पाबौ ब्लॉक के बुरांशी गांव में पिछले वर्ष आई आपदा के बाद रास्ते निर्माण के लिए भी सांसद निधि से 10 लाख रुपये दिए जाने की बात कही जा रही है। इसके अलावा अन्य कार्यों के लिए भी सांसद निधि से धनराशि स्वीकृत किए जाने का दावा किया जा रहा है।

सूचना की शुद्धता पर विभाग से स्पष्टीकरण की मांग

मामले ने अब विभागीय स्तर पर सूचना तैयार करने और उसे सार्वजनिक किए जाने से पहले उसके सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि पूर्ण हो चुके कार्यों के सामने व्यय राशि वास्तव में शून्य अंकित की गई है तो यह आंकड़ों के संधारण अथवा सूचना उपलब्ध कराने में हुई लापरवाही का मामला हो सकता है। वहीं, यदि संबंधित सूचना को संदर्भ से हटाकर पूरे गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र की सांसद निधि की स्थिति के रूप में प्रचारित किया जा रहा है, तो यह भी स्पष्ट किया जाना जरूरी है कि वास्तविक स्थिति क्या है।

राजनीतिक हलकों में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या विभाग ने सूचना सार्वजनिक किए जाने से पहले उसका समुचित सत्यापन किया था। यदि सूचना में त्रुटि है तो संबंधित विभाग को इसका संज्ञान लेकर वास्तविक और अद्यतन आंकड़े सार्वजनिक करने चाहिए, ताकि किसी जनप्रतिनिधि की छवि को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा न हो।

फिलहाल मामला लापरवाही का है या सूचना को अधूरे संदर्भ में इस्तेमाल किए जाने का, यह विभागीय स्पष्टीकरण और सांसद निधि से संबंधित आधिकारिक आंकड़े सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जरूरत इस बात की है कि पूरे गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सभी जिलों में सांसद निधि से स्वीकृत, प्रगतिशील और पूर्ण कार्यों तथा उन पर हुए वास्तविक व्यय का विस्तृत विवरण सार्वजनिक किया जाए।

देहरादून की सड़कों पर पुरानी पेंशन और गोल्डन कार्ड को लेकर होगा महासंग्राम

0

12 अक्टूबर को गढ़वाल मंडल के हजारों मिनिस्ट्रियल कार्मिक करेंगे शक्ति प्रदर्शन

रिपोर्ट-मुकेश बछेती

 

पौड़ी गढ़वाल(पहाड़ खबरसार) उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन के तत्वावधान में आगामी 12 अक्टूबर की रैली को सफल बनाने के लिए आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, पौड़ी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में फेडरेशन के घटक संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रैली की तैयारियों पर चर्चा की तथा सभी मिनिस्ट्रियल कार्मिकों से अधिकाधिक संख्या में देहरादून पहुंचने का आह्वान किया।

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि मिनिस्ट्रियल संवर्ग की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार के समक्ष मांगें रखी जा रही हैं। प्रमुख मुद्दों में पुरानी पेंशन बहाली, गोल्डन कार्ड की विसंगतियों का समाधान, एसीपी, पदोन्नति, सेवा नियमावली, स्थानांतरण एवं मिनिस्ट्रियल पदों का पुनर्गठन शामिल हैं।

गढ़वाल मंडल से हजारों कार्मिक पहुंचेंगे देहरादून

मंडल अध्यक्ष श्री रेवती नंदन डंगवाल ने कहा कि गढ़वाल मंडल के सभी जनपदों से हजारों की संख्या में मिनिस्ट्रियल कार्मिक 12 अक्टूबर को देहरादून की सड़कों पर उतरकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की जायज मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र पूरा करना चाहिए। कार्मिकों को आंदोलन के लिए मजबूर करना उचित नहीं है।

“12 मांगों से सरकार पर कोई वित्तीय भार नहीं”

संरक्षक श्री संजय नेगी ने कहा कि फेडरेशन की 12 सूत्रीय मांगों से सरकार पर कोई वित्तीय भार नहीं पड़ रहा है। इसके बावजूद सरकार द्वारा मांगों का समाधान नहीं किया जाना और कर्मचारियों को आंदोलन की ओर धकेलना अच्छी परंपरा नहीं है। सरकार को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र वार्ता कर मांगों का समाधान करना चाहिए।

“पौड़ी क्रांतिकारी भूमि, 15 विकासखंडों से होगी बड़ी भागीदारी”

जिलाध्यक्ष श्री सीताराम पोखरियाल ने कहा कि जनपद पौड़ी क्रांतिकारी भूमि है और उत्तराखंड राज्य की जननी है। जनपद के सभी 15 विकासखंडों से मिनिस्ट्रियल कार्मिक 12 अक्टूबर की रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के प्रमुख मुद्दों में पुरानी पेंशन, गोल्डन कार्ड की विसंगतियां, एसीपी एवं पदोन्नति शामिल हैं। सरकार को इन महत्वपूर्ण विषयों पर शीघ्र सुनवाई करते हुए सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

“12 अक्टूबर को देहरादून की सड़कों पर दिखेगा जनसैलाब”

जिला महामंत्री श्री दीपक गोड़ियाल ने कहा कि 12 अक्टूबर को देहरादून की सड़कों पर मिनिस्ट्रियल कार्मिकों का जनसैलाब दिखाई देगा। उन्होंने सभी घटक संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से अधिकाधिक संख्या में देहरादून पहुंचकर संगठन की एकजुटता प्रदर्शित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष कार्मिकों की जायज मांगों एवं अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है।
फेडरेशन की 12 सूत्रीय प्रमुख मांगे.
1. कनिष्ठ सहायक का ग्रेड वेतन लेवल-5 (₹2800) अनुमन्य करते हुए पदोन्नति एवं पदनाम संबंधी विसंगतियों का निराकरण किया जाए.
2. जिन विभागों में पदोन्नतियां नहीं हो रही हैं, वहां पदोन्नत एसीपी की व्यवस्था लागू की जाए।
3. पदोन्नति में लागू फॉर्म नियमावली को समाप्त कर पूर्ववर्ती शासनादेश लागू किया जाए।
4. जिन विभागों में मिनिस्ट्रियल पदों का पुनर्गठन नहीं हुआ है, वहां शीघ्र पुनर्गठन कराया जाए।
5. पुरानी पेंशन योजना बहाल करने हेतु केंद्र सरकार से अनुरोध किया जाए।
6. गोल्डन कार्ड की विसंगतियों एवं असुविधाओं का तत्काल समाधान किया जाए।
7. स्थानांतरण अधिनियम में आ रही कठिनाइयों के निराकरण हेतु शीघ्र बैठक आयोजित की जाए।
8. मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के कर्तव्य एवं दायित्वों के संबंध में संशोधित शासनादेश निर्गत किया जाए।
9. मिनिस्ट्रियल कार्मिकों की कॉमन सेवा नियमावली प्रख्यापित की जाए।
10. समूह ‘ग’ के कार्मिकों को उनकी गृह तहसील में भी तैनात किए जाने संबंधी शासनादेश निर्गत किया जाए।
11. पदोन्नति में संक्रमण काल समाप्त किया जाए।
12. मिनिस्ट्रियल के सृजित पदों पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैनाती न की जाए तथा स्पष्ट एसओपी बनाई जाए।
बैठक में उपस्थित थे—
श्री रेवती नंदन डंगवाल — मंडल अध्यक्ष, श्री संजय नेगी — संरक्षक, श्री सीताराम पोखरियाल — जिलाध्यक्ष, श्री दीपक गोड़ियाल — जिला महामंत्री, श्री सौरभ नौटियाल — वरिष्ठ उपाध्यक्ष, श्री कमल धरमाणा — उपाध्यक्ष, श्री अंकित कंडेत — कोषाध्यक्ष, श्री संजय सिंह — संगठन मंत्री, श्रीमती भावना नेगी — संगठन मंत्री, कु० प्राची बड़ोनी — संयुक्त मंत्री, श्रीमती कामिनी रावत — संयुक्त मंत्री, श्री संदीप भट्ट — संयुक्त मंत्री, श्री विकास रावत — संयुक्त मंत्री एवं श्री मनोज घिल्डियाल।

मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस पर पौड़ी में युवा मोर्चा ने लगाया रक्तदान शिविर, 30 युवाओं ने किया रक्तदान

0

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पौड़ी(पहाड़ खबरसार) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा पौड़ी गढ़वाल की ओर से बुधवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 30 यूनिट रक्तदान किया।

कार्यक्रम का आयोजन युवा मोर्चा पौड़ी गढ़वाल के जिलाध्यक्ष गणेश राठी नेगी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान युवाओं ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए आगे आने का संदेश दिया। जिलाध्यक्ष गणेश राठी नेगी ने कहा कि रक्तदान महज एक सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।

शिविर में युवा मोर्चा प्रभारी गणेश भट्ट, जिला उपाध्यक्ष गिरीश पैन्यूली, पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष बासुदेव कंडारी, लखपत भंडारी, कार्यक्रम संयोजक यशिश रावत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमिला भंडारी, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष जयबीर और रोहित नैथानी, जिला मंत्री विवेक रावत, दीपक चौधरी व योगेश घिल्डियाल, सोशल मीडिया प्रभारी सीमा भंडारी, श्रीनगर मंडल महामंत्री अभिषेक घिल्डियाल, मंडल उपाध्यक्ष रोहित सहित शुभम रावत, हिमांशु पंत समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

पौड़ी में 14 सितंबर से सजेगा श्री गणेश चौथ महोत्सव,लोअर बाजार में होगी मूर्ति स्थापना, 24 सितंबर को देवप्रयाग में होगा विसर्जन

0

 

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पौड़ी(पहाड़ खबरसार) नगर के लोअर बाजार स्थित गणेश चौथ हॉल में इस वर्ष भी श्री गणेश चौथ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। आयोजकों की ओर से जारी आमंत्रण पत्र के माध्यम से श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होने की अपील की गई है।
आयोजक संजय वर्मा ने बताया कि 14 सितंबर 2026, सोमवार को गणेश प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। इसके बाद महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान गणेश की आरती आयोजित होगी। प्रातः 8 बजे और शाम 7 बजे दैनिक आरती का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव का समापन 24 सितंबर 2026, गुरुवार को होगा। इस दिन गणेश प्रतिमा का विसर्जन देवप्रयाग में किया जाएगा। आयोजन समिति की ओर से इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा और झांकी भी निकाली जाएगी। शोभायात्रा सुबह 8 बजे लोअर बाजार से रवाना होगी।
गणेश चौथ महोत्सव को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और महोत्सव में सहभागिता करने का आह्वान किया है।

बड़ी खबर,पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से दिया इस्तीफा

0

बड़ी खबर,पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस पार्टी के सभी पदों से दिया इस्तीफा,पूरी खबर कमेंट बॉक्स में

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की वर्ष 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने बड़ा राजनीतिक फैसला लिया है। रावत ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के सदस्य और कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के स्थायी आमंत्रित सदस्य पद से हटने की घोषणा की है।
ईडी की कार्रवाई में रावत के पूर्व ओएसडी और वर्तमान सहयोगी चंदन सिंह जीना के ठिकाने से नकदी, सोना और अन्य कीमती सामान बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक जीना के परिसर से 32 लाख रुपये नकद, करीब 200.5 ग्राम सोना और 12 लग्जरी घड़ियां बरामद होने की बात कही गई है।
इस कार्रवाई के बाद हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर लंबा बयान जारी कर पूरे मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट की। रावत ने कहा कि टीवी पर खबर आ रही है कि देहरादून में उनके पीए के पास भारी मात्रा में कैश और ज्वैलरी आदि पकड़ी गई है। उन्होंने कहा कि इस तथ्य का पूरा खुलासा आने वाले समय में होगा।
रावत ने कहा कि चंदन सिंह जीना उनके ओएसडी रहे हैं और वह जब भी पार्टी या सरकार में किसी महत्वपूर्ण पद पर रहे, जीना महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते रहे हैं। उन्होंने जीना को बेहद सज्जन, विनम्र और काम करने वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि यदि ग्राम सेवकों की भर्ती में ओएमआर शीट के साथ छेड़छाड़ की गई है और इस तरह की किसी गलती में जीना की भूमिका के प्रमाण हैं तो उनके इस तथाकथित दुस्साहसिक कृत्य के लिए वह लज्जित हैं। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इस आरोप पर फिलहाल बिल्कुल विश्वास नहीं है।

दिनेश पंवार बने पश्चिमी नयार घाटी पाबौ ठेकेदार संघ के अध्यक्ष

0

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पाबौ(पहाड़ ख़बरसार)पश्चिमी नयार घाटी पाबौ ठेकेदार संघ की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर गुरुवार को मूसागली पाबौ में संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघ से जुड़े करीब 150 ठेकेदारों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान सर्वसम्मति से दिनेश पंवार को निर्विरोध संघ का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। अध्यक्ष पद के लिए दिनेश पंवार का नाम दीवान सिंह रावत राठी ने प्रस्तावित किया, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने एकमत से पारित कर दिया।
नई कार्यकारिणी में सत्यराज और जगमोहन सिंह रावत को संयुक्त रूप से उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। चेत सिंह रावत को कोषाध्यक्ष तथा नागेंद्र सिंह रावत को सचिव चुना गया। वहीं रमेश ढोंडियाल, दीवान सिंह रावत राठी, शिवलाल द्वारिका, घनश्याम नेगी, दीपक रावत, आनंद और कुंज बिहारी पंत को कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिनेश पंवार ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी गंभीरता और ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा। कार्यकारिणी में लिए जाने वाले निर्णयों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी ठेकेदारों को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने के साथ ही क्षेत्र के विकास में भी सकारात्मक भूमिका निभाई जाएगी।
उन्होंने निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर सभी सदस्यों और ठेकेदार संघ का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर दीवान सिंह रावत राठी ने कहा कि नई कार्यकारिणी का उद्देश्य सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन के हित में कार्य करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ अपने कार्यकाल को बेहतर ढंग से पूरा करेगी। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और ठेकेदारों के हितों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।

तीलू रौतेली एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार से सम्मानित हुईं पौड़ी की छह मातृशक्ति

0

*प्रियंका पंत थपलियाल को महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार एवं समाजसेवा के क्षेत्र में तीलू रौतेली पुरस्कार; पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान*

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पौड़ी(पहाड़ खबरसार)
वीरांगना तीलू रौतेली जयंती के अवसर पर प्रदेश की मातृशक्ति के सम्मान में आयोजित तीलू रौतेली एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार समारोह में जनपद पौड़ी गढ़वाल की छह महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए पौड़ी की प्रियंका पंत थपलियाल को तीलू रौतेली पुरस्कार तथा पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार प्रदान किया। सम्मानित महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं 51-51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गयी।

जनपद पौड़ी की प्रियंका पंत थपलियाल को समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ष 2019 में ‘आह्वान संस्था’ की स्थापना कर उन्होंने महिला समूहों को स्वरोजगार से जोड़ा तथा दोना-पत्तल, डिस्पोजेबल ग्लास निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियों के लिए प्रशिक्षण एवं सहयोग दिया। उन्होंने सैनिटरी नैपकिन यूनिट स्थापित कर किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। पीएमईजीपी एवं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से करीब 650 लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने में सहयोग किया तथा 200 से अधिक महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण दिया। इसके अलावा उन्होंने पौड़ी में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर 600 से अधिक लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवाएं उपलब्ध कराईं।

जनपद पौड़ी के विभिन्न विकासखंडों से पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें नैनीडांडा के जमनधार आंगनबाड़ी केंद्र की दर्शनी देवी, दुगड्डा के नयाबाद-2 केंद्र की माधुरी देवी, पाबौ के बुरांसी केंद्र की संगीता देवी, पोखड़ा के चोपड़ा केंद्र की तुलसी तथा बीरोंखाल के सुकई केंद्र की रेनू देवी शामिल हैं।

इन सभी कार्यकत्रियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में शाला पूर्व शिक्षा का नियमित संचालन, बच्चों के वजन एवं लंबाई की निगरानी, पोषण दिवस एवं स्वास्थ्य-पोषण शिक्षा दिवस का आयोजन, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण सुनिश्चित कराने जैसे कार्य प्रभावी ढंग से किए जा रहे हैं। साथ ही पोषण ट्रैकर एप पर लाभार्थियों का विवरण अद्यतन करने, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरण तथा अन्य विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सराहनीय कार्य किया गया है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि प्रियंका पंत थपलियाल द्वारा महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उनके प्रयासों को देखते हुए उन्हें इस वर्ष राज्य स्तरीय तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रियंका पंत थपलियाल का कार्य अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायी है। साथ ही उन्होंने बताया कि जनपद के पांच विकासखंडों से चयनित पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाओं एवं विभागीय दायित्वों के प्रभावी निर्वहन के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पाबौ के चिपलघाट में बच्चों की स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता व संतुलित आहार का दिया संदेश

0

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पाबौ(पहाड़ ख़बरसार)राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत विकासखंड पाबौ के राजकीय इंटर कॉलेज चिपलघाट में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित विकास को सुनिश्चित करना रहा।
इस दौरान आरबीएसके की टीम ने 25 से अधिक बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बच्चों का वजन, लंबाई और सामान्य स्वास्थ्य की जांच कर उनके समग्र विकास का आकलन किया गया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अभिभावकों को बरसात के मौसम में बच्चों की विशेष देखभाल करने की सलाह देते हुए स्वच्छता, सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन, संतुलित आहार तथा स्वच्छ पेयजल के महत्व की जानकारी दी। साथ ही डायरिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए और बच्चों में बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।
कार्यक्रम में आरबीएसके के चिकित्सक डॉ. संजय उनियाल, एएनएम सुनीता बहुगुणा, फार्मासिस्ट रेखा रावत सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

आंगनबाड़ी केंद्र सपलोड़ी में बच्चों की स्वास्थ्य जांच की, स्वच्छता एवं संतुलित आहार के प्रति किया जागरुक

0

रिपोर्ट-मुकेश बछेती

पौड़ी/पाबौ(पहाड़ खबरसार)
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत पाबौ विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र सपलोड़ी में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित विकास को सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान दल ने सात बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए उनका वजन एवं लंबाई मापी तथा उनके समग्र स्वास्थ्य का आकलन किया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने अभिभावकों को बरसात के मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य की विशेष देखभाल करने की सलाह दी। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित एवं स्वच्छ भोजन, संतुलित आहार तथा साफ पेयजल के उपयोग पर जोर देते हुए डायरिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। साथ ही अभिभावकों से बच्चों में बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने का आग्रह किया।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी चंद्रकांता काला, आरबीएसके के चिकित्सक डॉ. संजय उनियाल, एएनएम सुनीता बहुगुणा, फार्मासिस्ट रेखा रावत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुसुम, सहायिका तथा बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।

राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट ने पाबौ में चलाया नशा मुक्ति एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान

0

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

पौड़ी(पहाड़ ख़बरसार)राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा पाबौ क्षेत्र में पुलिस विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर ट्रस्ट की प्रदेश अध्यक्ष विजय रावत ने बताया कि ट्रस्ट लगातार उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रहा है। इन शिविरों में विभिन्न बीमारियों की जांच और परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक ट्रस्ट द्वारा प्रदेश के विभिन्न पहाड़ी क्षेत्रों में 12 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जा चुके हैं, जिनसे सैकड़ों लोग लाभान्वित हुए हैं।
विजय रावत ने कहा कि ट्रस्ट गंभीर मरीजों को गैरसैंण स्थित अस्पताल में निःशुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है और ट्रस्ट इसी दिशा में कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पाबौ चौकी प्रभारी मुकेश गैरोला ने उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने, युवाओं को जागरूक करने तथा नशे से जुड़े मामलों की सूचना हेल्पलाइन नंबरों पर देने की अपील की। साथ ही उपस्थित लोगों को नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट की ओर से भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया। साथ ही लोगों से ट्रस्ट द्वारा आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई। इस दौरान ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष संदीप रावत व महेश कप्रवन और प्रदीप रावत के साथ सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!