पौड़ी की बेटी शांभवी रौथाण ने रचा इतिहास, ऑल इंडिया बैडमिंटन में जीता कांस्य, एशिया ट्रायल के लिए किया क्वालीफाई

0
10

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पौड़ी(पहाड़ खबरसार) जनपद की होनहार युवा बैडमिंटन खिलाड़ी शांभवी रौथाण ने प्रदेश और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। शांभवी ने बेंगलुरु में आयोजित ऑल इंडिया रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट के अंडर-19 मिक्स डबल्स मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने एशिया बैडमिंटन ट्रायल के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
3 से 10 मई तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शांभवी और उनके साथी खिलाड़ी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्होंने बैंगलुरु की प्रियंका वाल्दिया और बाल प्रणय प्रगडा की जोड़ी को रोमांचक मुकाबले में 14-21, 21-14 और 23-21 से हराया। तीन सेट तक चले इस मुकाबले में शांभवी ने धैर्य, आत्मविश्वास और शानदार तकनीकी कौशल का परिचय दिया।
शांभवी के पिता शैलेंद्र रौथाण ने बताया कि उनकी बेटी वर्तमान में हैदराबाद स्थित सुचित्रा अकादमी में प्रशिक्षण ले रही है। इसी अकादमी से खेलते हुए उन्होंने एशिया बैडमिंटन ट्रायल के लिए क्वालीफाई किया है। संभावना जताई जा रही है कि मई के अंत तक एशिया बैडमिंटन प्रतियोगिता की तिथियां घोषित कर दी जाएंगी, जिसका आयोजन जापान में होना है।
उन्होंने बताया कि शांभवी बचपन से ही बैडमिंटन के प्रति बेहद जुनूनी रही हैं। महज आठ वर्ष की उम्र में टीवी पर सायना नेहवाल और अन्य खिलाड़ियों को देखकर उन्होंने इस खेल को अपनाने का सपना देखा था। वर्तमान में शांभवी ने देहरादून के एक निजी विद्यालय से 12वीं की पढ़ाई पूरी की है।
रौथाण दंपती का सपना है कि उनकी बेटी भविष्य में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम पूरी दुनिया में रोशन करे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here