गढ़वाल राइफल्स के जवानों को मिलेगा आधुनिक रिक्रिएशन सेंटर, सांसद अनिल बलूनी ने जारी की पहली किस्त

0
58

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पौड़ी(पहाड़ खबरसार)गढ़वाल सांसद Anil Baluni ने गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट के जवानों के कल्याण के लिए बड़ी पहल करते हुए आधुनिक रिक्रिएशन सेंटर निर्माण हेतु अपनी सांसद निधि से ₹14 लाख 90 हजार की प्रथम किस्त जारी की है।
सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि कुछ समय पहले गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट में अग्निवीर जवानों के साथ संवाद के दौरान सैनिकों के लिए बेहतर मनोरंजन और मानसिक स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता सामने आई थी। जवानों ने रेजिमेंट परिसर में एक आधुनिक रिक्रिएशन सेंटर बनाने का सुझाव रखा था, जिस पर अब कार्य शुरू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह रिक्रिएशन सेंटर सैनिकों के मानसिक एवं शारीरिक उत्साहवर्धन के साथ-साथ उन्हें सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करेगा। यहां जवानों को मनोरंजन, फिटनेस और सामूहिक गतिविधियों की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे उनके मनोबल को मजबूती मिलेगी।
सांसद बलूनी ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में दिन-रात जुटे सैनिकों का सम्मान और कल्याण उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सैनिकों और पूर्व सैनिकों के हितों के लिए उनके प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
इस घोषणा के बाद क्षेत्र के लोगों और पूर्व सैनिक संगठनों ने सांसद की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जवानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here