बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, मैदान में टेंट और झूले-चरखी लगाने का काम शुरू

0
13

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

श्रीनगर (पहाड़ ख़बरसार ) २३नवंबर से होगा मेले का आगाज, महापौर आरती भंडारी ने आवास विकास मैदान पहुंचकर लिया तैयारियों का जायजा, व्यवस्थाएं समय पर दुरुस्त करने के दिए निर्देश

श्रीनगर गढ़वाल। शहर के बहुप्रतीक्षित बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 23 नवंबर से शुरू होने वाले दस दिवसीय मेले को लेकर आवास विकास मैदान में तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। मेला स्थल पर टेंट लगाने के साथ ही झूले-चरखी स्थापित करने का कार्य भी शुरू हो गया है। मेले में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर आरती भंडारी ने मंगलवार को मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने मैदान में चल रहे निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्यों को देखा और संबंधित ठेकेदारों तथा नगर निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और बाहर से पहुंचने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि मेले का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

महापौर आरती भंडारी ने मेला स्थल पर व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली और तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। हर वर्ष इस मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की ओर से मेला स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

महापौर ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेले को बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप में आयोजित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सुविधाजनक माहौल मिले, इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान नगर आयुक्त नुपुर वर्मा, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, कनिष्ठ अभियंता सूरज, पार्षदगण सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

23 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलने वाले बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। मैदान में शुरू हुई तैयारियों के साथ ही अब मेले की रौनक धीरे-धीरे दिखाई देने लगी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here