रिपोर्ट/मुकेश बछेती
पौड़ी(पहाड़ ख़बरसार)राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा पाबौ क्षेत्र में पुलिस विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर ट्रस्ट की प्रदेश अध्यक्ष विजय रावत ने बताया कि ट्रस्ट लगातार उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रहा है। इन शिविरों में विभिन्न बीमारियों की जांच और परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक ट्रस्ट द्वारा प्रदेश के विभिन्न पहाड़ी क्षेत्रों में 12 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जा चुके हैं, जिनसे सैकड़ों लोग लाभान्वित हुए हैं।
विजय रावत ने कहा कि ट्रस्ट गंभीर मरीजों को गैरसैंण स्थित अस्पताल में निःशुल्क उपचार की सुविधा भी उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बीच उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है और ट्रस्ट इसी दिशा में कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पाबौ चौकी प्रभारी मुकेश गैरोला ने उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने, युवाओं को जागरूक करने तथा नशे से जुड़े मामलों की सूचना हेल्पलाइन नंबरों पर देने की अपील की। साथ ही उपस्थित लोगों को नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट की ओर से भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया। साथ ही लोगों से ट्रस्ट द्वारा आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई। इस दौरान ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष संदीप रावत व महेश कप्रवन और प्रदीप रावत के साथ सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे।








