बैकुंठ चतुर्दशी मेले की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, आवास विकास मैदान में हुआ भूमि पूजन

0
9

महापौर आरती भंडारी बोलीं श्रीनगर की आस्था, संस्कृति और पहचान का प्रतीक है बैकुंठ चतुर्दशी मेला, इस बार भव्यता के साथ सजेगा आयोजन

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

श्रीनगर गढ़वाल(पहाड़ ख़बरसार)देवभूमि की धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और परंपराओं का प्रतीक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 अब अपने भव्य आगाज की ओर बढ़ रहा है। मेले के सफल एवं निर्विघ्न आयोजन की कामना के साथ रविवार को आवास विकास मैदान में नगर निगम की ओर से विधिवत भूमि पूजन किया गया। पूजा-अर्चना के साथ ही मेले की तैयारियों को धार्मिक एवं औपचारिक रूप से गति मिल गई। इस दौरान महापौर आरती भंडारी, नगर आयुक्त नुपुर वर्मा समेत पार्षदगण, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

भूमि पूजन के दौरान पंडित विपिन थपलियाल ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इस अवसर पर महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान से गहराई से जुड़ा हुआ है। यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी लोकसंस्कृति, लोककला और सामाजिक एकता का उत्सव भी है। नगर निगम का प्रयास है कि इस वर्ष मेले को पहले से अधिक भव्य, आकर्षक, सुरक्षित और व्यवस्थित स्वरूप दिया जाए।

महापौर आरती भंडारी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने नगरवासियों से मेले को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील भी की।

लोकसंस्कृति और विकास का दिखेगा अनूठा संगम : बैकुंठ चतुर्दशी मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस बार स्थानीय उत्तराखंडी कलाकारों को विशेष मंच देने की पहल की जा रही है, जिससे क्षेत्र की लोककला और प्रतिभाओं को व्यापक पहचान मिल सके। मेले को जनभागीदारी और स्थानीय संस्कृति के उत्सव के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

भूमि पूजन के साथ ही आवास विकास मैदान में मेला परिसर की सजावट, स्टॉल निर्माण, सांस्कृतिक मंच, झूले-चरखियों और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। वहीं, शहर के प्रमुख मंदिरों को भी आकर्षक ढंग से सजाने की तैयारियां की जा रही हैं। नगर निगम का लक्ष्य है कि मेले में पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर व्यवस्थाओं के साथ यादगार अनुभव मिल सके।

इस अवसर पर पार्षद दिनेश पटवाल, प्रवेश चमोली, पंकज सती, आशीष नेगी, अंजनी भंडारी, अंजना डोभाल, सुनीता गैरोला, गुड्डी गैरोला, पूजा किमोठी, रश्मि, झाबर रावत, सुरेंद्र कुमार, उज्ज्वल अग्रवाल, सोनू चमोली, नरेंद्र रावत, अनुराग चौहान, सुमित बिष्ट, धर्म सिंह रावत सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here