Home Blog Page 8

जिला योजना बैठक में चार विभाग रहे अनुपस्थित, डीएम ने तलब किया स्पष्टीकरण

0

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पौड़ी(पहाड़ खबरसार) नवनियुक्त जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला योजना की समीक्षा बैठक ली, जिसमें कई अहम निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग, रेशम विभाग, सेवायोजन विभाग और सहकारिता विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी अनुपस्थित रहे, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इन विभागों के अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है और जब तक ये विभाग अनुपस्थिति का ठोस कारण नहीं बताते, तब तक इनका योजना मद का बजट जारी नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी भदौरिया ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि जिला योजना के अंतर्गत मिलने वाले धन का उपयोग केवल जनहितकारी और परिणाम आधारित योजनाओं पर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों से कम-से-कम एक नई और सार्थक योजना प्रस्तावित करें ताकि जिले में विकास कार्यों को मजबूती मिल सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिजूल और कम प्रभावशाली योजनाओं को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। डीएम ने जोर देकर कहा कि केवल उन्हीं योजनाओं को प्रस्तावित किया जाए जिनका सीधा लाभ जनता को मिले और जिनके सकारात्मक परिणाम ज़मीनी स्तर पर दिखें। बैठक में जिलास्तरीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

फुटबॉल में फिर चमका पौड़ी का सितारा, तीन होनहारों का चयन स्पोर्ट्स संस्थानों में

0

पहाड़ खबरसार ब्यूरो रिपोर्ट

 

पौड़ी(पहाड़ खबरसार) फुटबॉल की धरती कहे जाने वाले पौड़ी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यहां के तीन होनहार युवाओं का चयन प्रतिष्ठित खेल संस्थानों में हुआ है। आदित्य पंवार का चयन स्पोर्ट्स हॉस्टल के लिए हुआ है, जबकि आदित्य फरस्वाण और राघव पटवाल को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में दाखिला मिला है।

इन युवाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कोच रवि रावत ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से सीमित संसाधनों में बच्चों को नि:शुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं। अब तक उनके मार्गदर्शन में तीन दर्जन से अधिक बच्चे विभिन्न खेल संस्थानों में चयनित हो चुके हैं।

कोच रावत ने कहा, “पौड़ी में फुटबॉल की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन संसाधनों की भारी कमी के चलते कई प्रतिभाएं शुरुआत में ही रुक जाती हैं। अगर प्रशासन व सरकार थोड़ा सहयोग करे, तो यहां से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।”

सीमित संसाधनों के बावजूद, कोच रावत की मेहनत और बच्चों की लगन ने पौड़ी को एक बार फिर खेल मानचित्र पर चमकाया है।

पंचायत चुनाव के संबंध में बड़ी इंतजार की घड़ी, कोर्ट के फैसले के लिए अभी करना होगा 24 घण्टे का इंतज़ार

0

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

नैनीताल(पहाड़ खबरसार)

पंचायत चुनाव का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे नेताओं को न्यायालय के फैसले के लिए 24 घंटे और इंतजार करना होगा। इस संबंध में दायर याचिकाओं पर हाई कोर्ट अब 25 जून को सुनवाई करेगा।

उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों पर लगी अंतरिम रोक को फिलहाल बरकरार रखा है। राज्य सरकार की ओर से आज मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ के समक्ष स्टे वेकेशन (रोक हटाने) का अनुरोध किया गया, जिसे खंडपीठ ने बुधवार दोपहर सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है।

गौरतलब है कि राज्य निर्वाचन आयुक्त ने 21 जून को प्रदेश के 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों का कार्यक्रम जारी कर चुके हैं। लेकिन बीते सोमवार को हाईकोर्ट ने पंचायत आरक्षण के मुद्दे को लेकर चुनावों पर रोक लगा दी। इससे सरकार को बैकफुट पर आना पड़ा। इस मसले पर नौकरशाही की ढिलाई भी सामने आ रही है।

इधऱ, मामले में अब तक दायर की गई सभी याचिकाओं को एक साथ क्लब कर बुधवार को सुनवाई की जाएगी। हाईकोर्ट ने सरकार को सुनवाई में अपना पक्ष स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं।

स्वाति एस. भदौरिया ने संभाला पौड़ी जिलाधिकारी का पद

0

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पौड़ी(पहाड़ खबरसार)भारतीय प्रशासनिक सेवा की वरिष्ठ अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने रविवार को पौड़ी जिले की नवनियुक्त जिलाधिकारी के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने कोषागार स्थित डबल लॉक में पहुंचकर संबंधित पंजिकाओं का अवलोकन किया और औपचारिक रूप से पदभार संभाला। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

2012 बैच की आईएएस अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया का प्रशासनिक अनुभव बेहद समृद्ध रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत छत्तीसगढ़ कैडर से की थी और वर्ष 2015 में वह उत्तराखंड कैडर में स्थानांतरित हुईं। उत्तराखंड में उन्होंने मसूरी और देहरादून में उपजिलाधिकारी के रूप में कार्य किया, जबकि वर्ष 2018 से 2021 तक वह चमोली जिले की जिलाधिकारी रही हैं। चमोली में तैनाती के दौरान उन्होंने 2021 में ग्लेशियर आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों का सफल नेतृत्व किया, जिसकी सराहना राष्ट्रीय स्तर पर की गयी। स्वच्छ गंगा मिशन के तहत ‘नमामि गंगे’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु उन्हें वर्ष 2020 में प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इससे पूर्व वह अपर सचिव राज्यपाल, सचिव तकनीकी शिक्षा, निदेशक भाषा संस्थान, सचिव हिन्दी अकादमी, परियोजना निदेशक उत्तराखंड परियोजना विकास एवं निर्माण निगम लिमिटेड, सिंचाई विभाग एवं मिशन निदेशक एनएचएम जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रही थी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य कोषाधिकारी गिरीश चंद, सहायक कोषाधिकारी अवधेश चंद, तहसीलदार दीवान सिंह राणा सहित अन्य उपस्थित थे।

“विचार-एक नई सोच” संस्था योग के साथ मानसिक स्वास्थ्य को दे रही है नई दिशा

0

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देहरादून में भव्य योग व मेंटल वेलनेस शिविर का आयोजन

फ्यूजन इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में किया गया कार्यक्रम का आयोजन
रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

देहरादून(पहाड़ खबरसार)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई “फिट इंडिया” और “थोड़ा तेल-चीनी कम” जैसी जन-जागरूकता मुहिमों को जमीनी स्तर पर आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है सामाजिक संस्था “विचार -एक नई सोच”। यह संस्था विगत कई वर्षों से योग, ध्यान और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कार्यरत है। इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संस्था द्वारा एक वृहद योग एवं मेंटल वेलनेस शिविर का आयोजन मोथरोवाला केदारपुरम् स्थित फ्यूजन इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट शैक्षणिक संस्थान में किया गया। शिविर में सैकड़ों की संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लेकर योग और मानसिक संतुलन के विभिन्न आयामों से जुड़ाव महसूस किया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के संरक्षक अरुण शर्मा, अध्यक्ष अरुण चमोली और सचिव राकेश बिजल्वाण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर की। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के उस संकल्प की सराहना की, जिसमें योग को विश्व पटल पर भारत की प्राचीन परंपरा के रूप में स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को लचीला बनाना नहीं, बल्कि मन, आत्मा और ऊर्जा केंद्रों को जागृत करने की साधना है।

योग, ध्यान और मानसिक स्वास्थ्य शिविर में प्रमुख आकर्षण रहे संस्था से जुड़े मेंटल वेलनेस कोच एवं ग्रैंड मास्टर गणेश काला, जिन्होंने प्रतिभागियों को “भावनात्मक मुक्ति तकनीक”/ “टैपिंग थैरेपी” और मास एनर्जी हीलिंग की सरल लेकिन प्रभावशाली क्रियाओं का अभ्यास करवाया। गणेश काला ने वैज्ञानिक शोधों का हवाला देते हुए कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान भी अब यह स्वीकार कर चुका है कि लगभग 90 प्रतिशत बीमारियाँ साइकोसोमैटिक होती हैं, यानी उनका मूल कारण हमारे मन और विचार होते हैं। जब हम नकारात्मक विचारों, बीते अनुभवों, दबे हुए भावों या अवांछनीय विश्वासों को अपने भीतर लगातार संजोए रखते हैं, तो वे हमारी ऊर्जा प्रणाली को बाधित करते हैं और धीरे-धीरे हमारे शरीर की कोशिकाओं पर विपरीत प्रभाव डालते हैं।

गणेश काला ने स्पष्ट किया कि जब तक हम अपने अंतर्मन की सफाई, यानी अपने भीतर छिपे भावनात्मक ज़हर और मानसिक जाल को नहीं हटाते, तब तक कोई भी शारीरिक चिकित्सा या उपचार स्थायी रूप से सफल नहीं हो सकता। यही कारण है कि अब चिकित्सा जगत में भी मेंटल हीलिंग और ऊर्जा संतुलन (एनर्जी बैलेंसिंग) की तकनीकों की भूमिका को विशेष महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि “भावनात्मक मुक्ति तकनीक”/ “टैपिंग थैरेपी” और मास एनर्जी हीलिंग जैसी विधियाँ हमारे शरीर के क्वांटम लेवल यानी सूक्ष्म ऊर्जा स्तर पर कार्य करती हैं। इन तकनीकों के माध्यम से हम अपने ऊर्जा केंद्रों (चक्रों) को सक्रिय और संतुलित कर सकते हैं, जिससे न केवल मानसिक राहत मिलती है, बल्कि हमारी प्रतिरक्षा प्रणाली, एकाग्रता, और आंतरिक ऊर्जा में भी अद्भुत सुधार होता है। उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे योग के साथ-साथ मेंटल हीलिंग प्रैक्टिसेस को भी अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं ताकि वे सचमुच एक संपूर्ण और संतुलित जीवन जी सकें तन, मन और आत्मा के स्तर पर।

कार्यक्रम में योगाचार्य तनुजा रावत ने विभिन्न शारीरिक योग क्रियाओं का अभ्यास कराया और प्रतिभागियों को योग को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि योग केवल आसनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक जीवनशैली है, जो व्यक्ति को समग्र रूप से स्वस्थ बनाती है शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्तर पर।

संस्था के अध्यक्ष अरुण चमोली ने कहा हमारा उद्देश्य केवल योग सिखाना नहीं, बल्कि हर वर्ग के लोगों को मानसिक रूप से भी मजबूत बनाना है। विचार एक नई सोच का यह प्रयास है कि हम शरीर, मन और आत्मा तीनों को संतुलन में लाएं, ताकि समाज संपूर्ण रूप से स्वस्थ हो। इस अवसर पर रमन जायसवाल, अवधेश नौटियाल, कुलदीप सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिविर का समापन सामूहिक ध्यान व ऊर्जा संप्रेषण के साथ किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने गहन मानसिक शांति व ऊर्जावान अनुभूति का अनुभव किया।
Fihm Dehradun

पाबौ के पटालखानी में स्कूटी जेसीबी से टकराई,युवक घायल

0

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पाबौ(पहाड़ खबरसार) चौकी पाबौ क्षेत्र अंतर्गत पटालखानी के पास एक हादसा हो गया। बताया गया कि एक स्कूटी (UK 07BV 1650) पाबौ की तरफ जा रही थी, तभी वह सड़क किनारे कार्य कर रही जेसीबी के बकेट से टकरा गई। स्कूटी पर सवार मनोज (28 वर्ष), पुत्र धीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम माससु, पट्टी मवालसयु, जनपद पौड़ी गढ़वाल, को सिर में गंभीर चोट आई है। हादसे के समय स्कूटी पर उसकी पत्नी दीपिका भी पीछे बैठी थी, जिसे मामूली चोटें आई हैं।

घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ लाया गया, जहां मनोज को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। दीपिका की हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे की सूचना पर मौके पर घायल के परिजन भी पहुंच गए थे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीएमओ डॉ. शिव प्रसाद शुक्ला ने संभाला कार्यभार,कहा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना प्राथमिकता

0
  1. रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पौड़ी (पहाड़ खबरसार) जनपद पौड़ी के नव नियुक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. शिव प्रसाद शुक्ला ने सोमवार को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने स्थानीय पत्रकारों से भेंट की और अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया।

सीएमओ डॉ. शुक्ला ने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के सभी अस्पतालों में मरीजों को आवश्यक दवाएं अस्पताल परिसर से ही उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि उन्हें बाहर भटकना न पड़े। इसके अलावा, जन औषधि केंद्रों में भी डॉक्टरों द्वारा लिखी जाने वाली दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

सीएमओ ने यह भी कहा कि वर्तमान में अटैचमेंट पर अन्यत्र कार्य कर रहे पैरामेडिकल स्टाफ को उनके मूल स्थान पर वापस लाया जाएगा ताकि ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।

उन्होंने पत्रकारों की समस्याएं भी सुनी और स्वास्थ्य विभाग व मीडिया के बीच समन्वय बनाए रखने का भरोसा दिलाया। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रमेश कुँवर,डिस्ट्रिक प्रोग्राम मैनेजर राजीव रावत आदि मोजूत रहे।

पौड़ी पुलिस ने मेले त्योहारों में चेन लूट करने वाला शातिर अंतर्राज्यीय मेवाती गैंग को धर दबोचा,पुलिस टीम को दस हजार का ईनाम

0

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पौड़ी(पहाड़ खबरसार)पुलिस कप्तान पौड़ी लोकेश्वर सिंह के द्वारा लक्ष्मणझूला क्षेत्र में मंदिर धर्मशालाओ में होने वाले सत्संग,समागम और कथाओं तथा गंगा घाट,आरती स्थलों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही सतर्कता बरतने के लिए थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला संतोष पैथवाल को निर्देशित किया गया है साथ ही ऐसे स्थानों पर घटित होने वाले अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के भी निर्देश दिए गए है जिस पर थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला संतोष पैथवाल के द्वारा थाना क्षेत्र में ऐसे स्थानों का चिन्हीकरण कर नजर रखने के लिए तीन डेडीकेटेड पुलिस टीमों का गठन किया गया है , वहीं पांच जून को गीता भवन नंबर तीन में चल रहे सत्संग के दौरान घटित एक मामले में आज पुलिस ने शातिर अंतराज्यीय मेवाती गैंग के पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है घटनाक्रम के अनुसार दिनेश डालमिया निवासी गीता भवन नंबर तीन स्वर्ग आश्रम लक्ष्मणझूला ने पांच जून को थाना लक्ष्मणझूला पर सूचना देकर बताया था की गीता भवन में चल रहे सत्संग के दौरान श्री राजेंद्र दास के दैनिक प्रवचन समाप्त होते समय बड़ी संख्या में सत्संगी महिला और पुरुष मौजूद थे जहां पर कुछ महिला श्रद्धालुओं की सोने की चैनों को अज्ञात लुटेरों द्वारा लूट लिया गया है सूचना पर त्वरित ही थाने पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है घटना के पश्चात पुलिस कप्तान लोकेश्वर सिंह द्वारा सत्संग कार्यक्रम में हुई चेन लूट की वारदात को टास्किंग में लेकर घटना के अनावरण के लिए क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार के नेतृत्व में अलग–अलग डेडीकेटेड टीमों के गठन के साथ ही तकनीकी टीमों का भी गठन किया गया,वही पुलिस कप्तान ने पूरे घटना क्रम पर हर दिन नजर रखते हुए टीमों को आवश्यक निर्देश भी दिए, गठित टीमो के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटनास्थल के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया और साथ ही पुलिस टीम ने ऐसी घटनाओं में शामिल रहे पूर्व अपराधियों की भी कुंडली खंगालनी शुरू कर दी, जिसमें पुलिस ने ऋषिकेश क्षेत्र में ही नहीं राज्य के बाहर भी करीब दो सो सीसीटीवी कैमरो को खंगाला और वही घटना में शामिल अपराधियों को बेहतर सर्विलांस के साथ निशाने पर लेना शुरू कर दिया जिसके तहत पुलिस टीमों ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश ओर राजस्थान में भी अलग-अलग स्थानो पर अभियुक्त गणों की तलाश शुरू कर दी ओर उन्हें फॉलोअप करना शुरू किया,परिणाम स्वरूप पुलिस ने बीती शाम को मेवाती गैंग के पांच सक्रिय सदस्यों को चीला क्षेत्र के भीमगोडा बैराज से लगे चंडी देवी मंदिर सड़क के पास से लूट की छः सोने की चैन (जिनकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपए) के साथ गैंग लीडर सुषमा सिंह पत्नी स्व सचिन चौहान उम्र 41 वर्ष निवासी फतेपुर चंदेला मकान नंबर 124 निकट मितला धाम मंदिर के पास थाना NIT फरीदाबाद हरियाणा ,प्रीति पत्नी मनीष उम्र 22 नि0उपरोक्त,रीना पत्नी सूरजपाल उम्र 27 वर्ष निवासी नंगला बल्लभगढ़ PO /थाना नगला बल्लभगढ़ जिला फरीदाबाद हरियाणा,रश्मि पुत्री स्व0 पप्पू चौहान उम्र20 वर्ष नि0उपरोक्त तथा वकीला पुत्र लाल सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी घुस्तमा PO/थाना बड़ागांव दिमनी जिला मुरैना मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर दिया गया है। इस अवसर पर थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया की अभियुक्त गण से सख्ती से पूछताछ करने पर मालूम चला है की अभियुक्त गण मेले त्योहार पर ही गैंग बनाकर बुजुर्ग महिलाओं और श्रद्धालुओ को टारगेट करते हैं जहां पर अभियुक्त गण भीड़ में श्रद्धालु बनकर उस स्थान की पहले से ही रेकी करने के पश्चात ही घटना को अंजाम देते हैं साथ ही अभियुक्त गण ने यह भी चौंकाने वाला खुलासा किया है कि जब अभियुक्तगण पूर्व में किसी घटना को अंजाम देते हैं और वहां पर उन्हें सफलता हासिल होती है, तो गैंग के सदस्य उस दिन की घटना में धारण किए हुए कपड़ों को ही शुभ मानते हुए दूसरी बार जब जिस जगह पर घटना को कारित करते हैं तो वहां पर भी उन्हीं कपड़ों को धारण कर घटना को अंजाम देते हैं अभियुक्त गण शातिर मेवाती गैंग है जो की पहले भी खाटू श्याम मंदिर राजस्थान और वृंदावन बनारस,तथा हरिद्वार में भी चेन लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं वही गैंग ने पूछताछ में यह भी बताया है की गैंग आज चंडी देवी मंदिर में रेकी करने गया था और बीते डेढ़ सप्ताह से गैंग हरिद्वार गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में भी रेकी कर रहा था,गैंग के कई सदस्यों पर पूर्व में भी अलग-अलग प्रदेशों में मुकदमे दर्ज हैं वही पुलिस अपराधिक इतिहास की सटीक जानकारी के लिए राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो के साथ ही नेशनल अपराध अभिलेख ब्यूरो से भी संपर्क स्थापित कर रही है, बताते चले की लक्ष्मण झूला पुलिस के द्वारा लगातार टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं पर की जा रही प्रभावी कार्यवाही को स्थानीय संत और वसींदों द्वारा भी सराहा जा रहा है ,थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया है की लक्ष्मणझूला पुलिस ऐसे घटनाओं में शामिल हो रहे अपराधियों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कानूनी कार्यवाही करेगी, ओर ऐसे अपराधियों का अपराधिक डोजियर भी तैयार कर रही है ,अभियुक्त गण को पुलिस द्वारा न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय पौड़ी भेजा जा गया है पुलिस कप्तान ने थाना लक्ष्मणझूला पुलिस टीम को इस सफलता पर ₹10000 का नगद ईनाम से पुरस्कृत करने की घोषणा की है
पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार , थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल चौकी प्रभारी रामझूला उत्तम रमोला,अभिनव शर्मा, राहुल ठाकुर, मनाली राठी और हेड का0सुवर्धन,संजीव कुमार, मुकेश जोशी,चंद्रपाल म0का0प्रियंका चांदपुरी तथा साइबर सेल कोटद्वार से अपर उप निरी0 दीपक अरोड़ा ,अमरजीत सिंह और सीआईयू शाखा से हेड का0 मनोज बामसुवाल मुकेश आर्य ओर हरीश शामिल रहे।

पाबौ ब्लॉक में 3 माह से नहीं मिला 90 कर्मचारियों को वेतन, परिवार चलाना हुआ मुश्किल

0

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पाबौ(पहाड़ खबरसार)राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत पाबौ ब्लॉक में कार्यरत 90 स्वास्थ्य कर्मियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ में कार्यरत कर्मचारी आशीष नेगी ने बताया कि अप्रैल माह से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके साथ-साथ अन्य कर्मचारियों को भी परिवार के पालन-पोषण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बच्चों की स्कूल फीस, घर के खर्च और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करना अब मुश्किल हो गया है। पाबौ ब्लॉक में कार्यरत महिला स्वास्थ्य कर्मी रेखा रावत ने बताया कि NHM के अंतर्गत यहां 62 आशा कार्यकर्तियां और 28 अन्य स्वास्थ्य कर्मी कार्यरत हैं। सभी को बीते तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे घर की आर्थिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

रेखा रावत ने बताया कि उन्होंने इस विषय को कई बार उच्च अधिकारियों के सामने भी उठाया, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि बिना वेतन के लगातार काम करना उनके लिए मानसिक और आर्थिक रूप से बहुत कठिन हो गया है। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से जल्द वेतन जारी करने की मांग की है, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण सुचारु रूप से कर सकें।

इस दौरान आशीष नेगी, रेखा रावत, अरुण पोखरियाल, शरद थपलियाल, महेंद्र पोखरियाल,डॉ. संजय उनियाल,पवन बहुगुणा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

बदलते पर्यावरण को संजीवनी देने में जुटी कुंती दयाल फाउंडेशन

0

रिपोर्ट/मुकेश बछेती

 

पौड़ी(पहाड़ खबरसार)बदलते पर्यावरण और घटती हरियाली को पुनर्जीवित करने के लिए कुंती दयाल फाउंडेशन द्वारा एक अभिनव पहल की जा रही है। फाउंडेशन सतत रूप से वृक्षारोपण और बी बॉल (बीज बॉल) वितरण के माध्यम से क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के प्रयास में जुटा है।

इसी क्रम में सतपुली क्षेत्र के हरियाली सेन में वृक्षारोपण किया गया तथा बी बॉल को उन बंजर क्षेत्रों में फेंका गया जहां पेड़ों की भारी कमी देखी जा रही थी। संस्था ने इस वर्ष 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) से लेकर हरेला पर्व तक 2 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

फाउंडेशन प्रतिदिन मोटर ग्राइंडिंग के माध्यम से 30 किलो बी बॉल बंजर जमीनों में फैला रहा है ताकि इन क्षेत्रों में प्राकृतिक रूप से वृक्ष उग सकें और सूखते जल स्रोतों को भी नया जीवन मिल सके। बी बॉल निर्माण की जिम्मेदारी स्थानीय महिला समूहों को सौंपी गई है। करीब 50 महिलाओं ने एक माह के भीतर 50 किलो से अधिक बी बॉल तैयार की हैं, जिन्हें हरेला पर्व तक वितरित किया जाएगा।

संस्था के सदस्य डिगबोई नगरी ने बताया कि यदि जिला प्रशासन और वन विभाग का सहयोग मिलता है, तो इस पहल को और भी व्यापक रूप में लागू किया जा सकता है। इससे क्षेत्र के जल स्रोतों को संरक्षित करने के साथ ही उजाड़ हो चुके जंगलों को भी फिर से हरियाली की चादर ओढ़ाई जा सकती है।

कुंती दयाल फाउंडेशन की यह पहल न केवल पर्यावरण के लिए वरदान साबित हो रही है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का भी एक सशक्त माध्यम बन रही है। यह प्रयास भावी पीढ़ियों के लिए एक हरित और स्वच्छ भविष्य की नींव रख रहा है। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह नेगी, प्रदीप
रावत, दिग्मोजन नेगी
दिनेश कंडारी, नीरज शर्मा आदि भी मौजूद

error: Content is protected !!