रिपोर्ट/मुकेश बछेती
पौड़ी(पहाड़ खबरसार)ISSA Foundation द्वारा संचालित उत्तरा केयर हॉस्पिटल, पौड़ी गढ़वाल ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए अपनी पहली सफल प्रसूता एवं नवजात शिशु को स्वस्थ अवस्था में सम्मानपूर्वक डिस्चार्ज किया। अस्पताल प्रबंधन ने इस अवसर को यादगार बनाते हुए मां और नवजात को विशेष उपहार भेंट किए तथा अस्पताल के वाहन से उन्हें सुरक्षित रूप से उनके घर तक पहुंचाया।
गौरतलब है कि 15 जून 2026 की रात्रि 11:58 बजे अस्पताल में पहली सफल प्रसूति संपन्न हुई थी। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अनु भारती तथा शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अतिश पगारे के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम और नर्सिंग स्टाफ ने सफलतापूर्वक प्रसव कराया। प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ रहे तथा विशेषज्ञों की निगरानी में उनका उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
स्वास्थ्य लाभ के बाद डिस्चार्ज के दौरान अस्पताल परिवार ने नवजात के स्वागत और शुभकामनाओं के प्रतीक स्वरूप उपहार प्रदान किए। साथ ही मरीज और परिजनों की सुविधा को देखते हुए अस्पताल की ओर से निःशुल्क वाहन सेवा उपलब्ध कराई गई।
प्रसूता के परिजनों ने अस्पताल में मिली आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों के सहयोगात्मक व्यवहार, नर्सिंग स्टाफ की देखभाल और अस्पताल प्रबंधन की संवेदनशीलता की सराहना की। उनका कहना था कि पौड़ी जनपद में इस प्रकार की गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का उपलब्ध होना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत है।
अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. जे.पी. चमोली ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल उपचार देना नहीं, बल्कि मरीजों को सम्मान, सुरक्षा और आत्मीयता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। वहीं ISSA Foundation के संस्थापक आई.एस. नेगी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को घर के निकट आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना संस्था का प्रमुख लक्ष्य है। अस्पताल प्रबंधन ने भविष्य में भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार का भरोसा दिलाया।








