रिपोर्ट/मुकेश बछेती
पाबौ(पहाड़ ख़बरसार)पश्चिमी नयार घाटी पाबौ ठेकेदार संघ की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर गुरुवार को मूसागली पाबौ में संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघ से जुड़े करीब 150 ठेकेदारों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान सर्वसम्मति से दिनेश पंवार को निर्विरोध संघ का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। अध्यक्ष पद के लिए दिनेश पंवार का नाम दीवान सिंह रावत राठी ने प्रस्तावित किया, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने एकमत से पारित कर दिया।
नई कार्यकारिणी में सत्यराज और जगमोहन सिंह रावत को संयुक्त रूप से उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। चेत सिंह रावत को कोषाध्यक्ष तथा नागेंद्र सिंह रावत को सचिव चुना गया। वहीं रमेश ढोंडियाल, दीवान सिंह रावत राठी, शिवलाल द्वारिका, घनश्याम नेगी, दीपक रावत, आनंद और कुंज बिहारी पंत को कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिनेश पंवार ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी गंभीरता और ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा। कार्यकारिणी में लिए जाने वाले निर्णयों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी ठेकेदारों को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने के साथ ही क्षेत्र के विकास में भी सकारात्मक भूमिका निभाई जाएगी।
उन्होंने निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर सभी सदस्यों और ठेकेदार संघ का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर दीवान सिंह रावत राठी ने कहा कि नई कार्यकारिणी का उद्देश्य सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन के हित में कार्य करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ अपने कार्यकाल को बेहतर ढंग से पूरा करेगी। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और ठेकेदारों के हितों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई।








